हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग को चरखी दादरी जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। वह अपने मौजूदा पदों के साथ इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
प्रभारी अधिकारी के तौर पर पांडुरंग जिले में 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही जिले की अपराध स्थिति, जघन्य अपराधों, सतर्कता से जुड़े मामलों और सरकारी सेवाओं की समय पर डिलीवरी की भी समीक्षा करेंगे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य भी उनकी निगरानी के दायरे में रहेंगे। सरकार की संशोधित व्यवस्था के अनुसार, पांडुरंग को हर तीन महीने में मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन सेल को जिले की प्रगति की रिपोर्ट देनी होगी।
रिपोर्ट में प्रमुख परियोजनाओं की स्थिति, उनके क्रियान्वयन में आ रही अड़चनें और संबंधित विभागों के प्रदर्शन की जानकारी शामिल होगी।
