चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के करीबी रहे मेजर भूपिंदर सिंह आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। वह अपने बेटे अमरवीर सिंह बावा के साथ पार्टी की सदस्यता लेंगे। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय में इसके लिए कार्यक्रम रखा गया है।
मेजर भूपिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सचिव रह चुके हैं और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल के करीबी लोगों में भी उनकी गिनती होती रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावना है।
नायब सैनी के कार्यक्रम को देखते हुए पंजाब बीजेपी कार्यालय और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमों ने कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में जांच की।
जून में नायब सैनी ने की थी मुलाकात
मेजर भूपिंदर सिंह से इसी साल जून में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर मुलाकात की थी। उस समय भूपिंदर सिंह रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
उस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया था कि मनप्रीत सिंह बादल उनसे तीन बार मिलने पहुंचे थे, जबकि सुखबीर सिंह बादल के परिवार की ओर से कोई उनसे मिलने नहीं आया था। हालांकि, बाद में सुखबीर सिंह बादल ने भी उनके घर जाकर मुलाकात की थी।
बादल सरकार में संभाली थी अहम जिम्मेदारी
मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों को प्रकाश सिंह बादल के मुख्यमंत्री रहते हुए उनका राजनीतिक सचिव नियुक्त किया गया था। उन्होंने 1997 से 2002 और फिर 2012 में अकाली-भाजपा सरकार के दौरान यह जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था।
मेजर भूपिंदर सिंह प्रकाश सिंह बादल के पैतृक गांव बादल के रहने वाले हैं। वह पूर्व सांसद गुरराज सिंह ढिल्लों के बेटे हैं।
राजनीति में आने से पहले मेजर भूपिंदर सिंह भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) से प्रशिक्षण लिया था। वर्ष 1969 में उन्हें सेना में कमीशन मिला था।
भूपिंदर सिंह का बीजेपी में शामिल होना पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
