गोल्फ कोर्स हादसे में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है. अब उसे गुरुग्राम लाया जा रहा है. पुलिस ने FIR में हत्या की कोशिश की धारा भी जोड़ दी है. इससे पहले बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौहान ने मीडिया के सामने आकर पूरे घटनाक्रम को विस्तार से बताया. सिया के पिता रोशन चौहान ने भी गुरुग्राम सेक्टर 56 थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. मामला थाना सेक्टर-56 में दर्ज है.
SHO ने दर्ज किया सिया का बयान: गुरुग्राम सेक्टर 56 के SHO मनोज कुमार सिया का बयान दर्ज करने के लिए उनके कालकाजी स्थित घर पहुंचे. उन्होंने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया. बाद में गहन जांच और CCTV फुटेज के विस्तृत विश्लेषण के दौरान, आरोपों में BNS की धारा 109 (हत्या की कोशिश) जोड़ी गई. इस धारा के तहत 10 साल तक की जेल का प्रावधान है.
