।साइबर सिटी की छह मुख्य सड़कों पर अब ट्रैफिक व्यवस्था स्मार्ट तकनीक से संचालित करने की तैयारी है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इन मार्गों को स्मार्ट माडल रोड के रूप में विकसित करेगा।
यहां डिजिटल मैसेज बोर्ड, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और इमरजेंसी काल प्वाइंट लगाए जाएंगे। इन सभी प्रणालियों को जीएमडीए के आप्टिकल फाइबर नेटवर्क और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। पूरे सिस्टम की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से 24 घंटे की जाएगी।
जीएमडीए के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण में एमजी रोड (इफको चौक से गोल्फ कोर्स रोड), हैमिल्टन कोर्ट रोड, व्यापार केंद्र रोड, अतुल कटारिया चौक से सिग्नेचर टावर, राजीव चौक से बख्तावर चौक (मेदांता रोड) और हीरो होंडा चौक से सेक्टर-29 तक के मार्ग को शामिल किया गया है।
इन सड़कों पर स्मार्ट सिस्टम स्थापित होने के बाद ट्रैफिक प्रबंधन के साथ नागरिकों को रियल टाइम सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित होगी।
जाम लगा तो डिजिटल बोर्ड बताएगा वैकल्पिक रास्ता
स्मार्ट माडल रोड पर वेरिएबल मैसेज साइनबोर्ड (वीएमएस) लगाए जाएंगे। इन पर जरूरत के अनुसार तत्काल संदेश बदला जा सकेगा। किसी मार्ग पर जाम लगने या ट्रैफिक डायवर्जन होने पर वाहन चालकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
