गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला के अलावा एक दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. गुरुग्राम ईस्ट के डीसीपी संदीप कुमार ने बताया कि “घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 में FIR दर्ज की गई थी. इसके बाद CCTV फुटेज के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS भी जोड़ी गई.
दौसा-राजगढ़ के बीच हुई गिरफ्तारीः पुलिस ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान 33 वर्षीय कल्याण बैंसला, निवासी चांदहट, पलवल, हरियाणा के रूप में की है. वहीं दूसरे आरोपी की पहचान 34 वर्षीय लवनिश, निवासी न्यू कॉलोनी, पलवल, हरियाणा के रूप में की है. कल्याण बैंसला को क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने 15 सितंबर को राजस्थान में दौसा-राजगढ़ के बीच से गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी वारदात के समय मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला के साथ कार में मौजूद था. पुलिस अब दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ कर सकती है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.
