अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम और जन-सहभागिता आधारित बनाने के मकसद से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन की अध्यक्षता में गुरुवार को पंचकूला पुलिस लाइन स्थित जीओ मैस में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई.
बैठक में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों, साइबर अपराध, आर्थिक अपराध, सीसीटीवी निगरानी, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, क्राइम यूनिटों की कार्रवाई और फील्ड पुलिसिंग समेत महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई.
सीसीटीवी कैमरे बढ़ाएं और समयबद्ध निपटान: पुलिस कमिश्नर ने थाना स्तर पर विभिन्न प्रकार के मामलों की समीक्षा करते हुए अपराध के आंकड़ों को बेहतर करने के निर्देश दिए. उन्होंने लंबित मामलों, विशेषकर महिला अपराध पर विशेष ध्यान देने और मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही सभी थाना क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरा रिपोर्ट की जांच कर थाना प्रभारियों को क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए.
