निशानेबाज नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है. नीरू ने फाइनल में 28 अंक हासिल कर नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया. मौजूदा एशियन गेम्स में ये भारत का पांचवां गोल्ड मेडल रहा. साथ ही इंडिविजुअल इवेंट में ये पहला गोल्ड रहा. इससे पहले चारों गोल्ड टीम इवेंट में आए थे. मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या अब 47 (5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज) हो गई है. भारत अब 11वें स्थान पर है.
विमेंस ट्रैप टीम ने सिल्वर मेडल जीता: इससे पहले शूटिंग में विमेंस ट्रैप टीम ने सिल्वर मेडल जीता. नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की तिकड़ी ने भारत को ये सफलता दिलाई.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी बधाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीरू को बधाई दी. उन्होंने लिखा “आज हरियाणा की बेटी ने पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया! #AsianGames2026 में जींद की नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग में अपने शानदार निशाने से स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया है। नीरू की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह Gold Medal उनकी स्वर्णिम सफलता का प्रतीक है। बिटिया नीरू ढांढा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएँ।”
सीएम ने कोच की भी तारीफ की: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नीरू के कोच की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने लिखा “भारत माता की जय, कोच साहब. हरियाणवियों की तरह आपका जोश भी एकदम High है. धाकड़ बेटी नीरू नै गोल्ड मेडल ल्याकै जमा लठ सा गाड़ दिया”
कौन हैं नीरू ढांडा? नीरू ढांडा भारत की एक प्रसिद्ध खेल निशानेबाज (Trap Shooter) हैं. वो मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले के संगतपुरा गांव से ताल्लुक रखती हैं. नीरू का जन्म एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार में हुआ. उनके पिता किसान हैं और माता गृहणी हैं. उनका परिवार बाद में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में स्थानांतरित हो गया था.
