सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव गुमड़ की बेटी किरण पहल ने एशियाड में स्वर्ण पदक जीता है. दरअसल, किरण भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहीं, जिसने 3 मिनट 29.69 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता.
कभी जूतों की कमी थी, सपना बड़ा था: किरण का शुरुआती सफर बेहद साधारण परिस्थितियों में बीता. परिवार के अनुसार वह गांव की गलियों में कभी नंगे पैर तो कभी स्कूल के जूतों में अभ्यास करती थीं. संसाधनों की कमी के बावजूद दौड़ने का जुनून कम नहीं हुआ.
दादी ने पेंशन से खरीदे थे जूते: किरण के संघर्ष में उनकी दादी रिशाली देवी का भी बड़ा योगदान रहा. परिवार के मुताबिक साल 2018 में दादी ने अपनी बुढ़ापा पेंशन से 11 हजार रुपये खर्च कर किरण के लिए रनिंग शूज खरीदे. परिवार के लिए वह पल किरण के खेल सफर में महत्वपूर्ण मोड़ बन गया.
