हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन Singapore India Network for Growth फोरम के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की. इस कार्यक्रम में सिंगापुर के विशिष्ट उद्योगपति, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य भविष्य में हरियाणा में इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योगों को बढ़ावा देना और हरियाणा व सिंगापुर के बीच पारस्परिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करना था. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा को केवल औद्योगिक शक्ति ही नहीं, बल्कि भारत की इनोवेशन कैपिटल के रूप में स्थापित करना भी उनका लक्ष्य है
विश्वास, मित्रता और सहयोग को और मजबूत करने का मंच : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन Singapore India Network for Growth (SING) फोरम के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह मंच केवल निवेश या व्यवसाय की चर्चा का मंच नहीं है. यह दो देशों और दो अर्थव्यवस्थाओं के बीच विश्वास, मित्रता और सहयोग को और मजबूत करने का मंच है.
रिश्ते केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं : मुख्यमंत्री ने भारत-सिंगापुर संबंधों की गहराई का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं हैं. इनके पीछे विश्वास, दोस्ती, संस्कृति और लोगों के बीच मजबूत संबंध हैं. वर्तमान में ये संबंध कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर हैं, लेकिन किसी भी साझेदारी की असली ताकत समझौतों में नहीं, बल्कि लोगों के बीच संबंधों, व्यवसायों के बीच साझेदारियों और जमीनी परिणामों में होती है.
5 बड़े एमओयू किए थे : उन्होंने याद दिलाया कि हरियाणा और सिंगापुर का सहयोग नया नहीं है. वर्ष 2017 में हरियाणा ने सिंगापुर की कंपनियों और संस्थाओं के साथ लॉजिस्टिक्स, टाउनशिप्स, एविएशन, स्मार्ट सिटीज, वेलनेस, पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में पांच बड़े एमओयू किए थे, जिनका कुल प्रस्तावित मूल्य 3.8 बिलियन सिंगापुर डॉलर से अधिक था. असेंडास-सिंगब्रिज ने गुरुग्राम में इंटरनेशनल टेक पार्क विकसित किया है, जो उत्तर भारत में सिंगापुर की महत्वपूर्ण व्यावसायिक उपस्थिति का उदाहरण है. इस नींव को अब अगले स्तर तक ले जाना है.
