हरियाणा में अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की ‘लाडो’ को भी ‘लक्ष्मी’ मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की थी, जिस पर मंत्रिमंडल ने शनिवार को मुहर लगा दी।
नए बदलाव एक नवंबर से लागू होंगे। दूसरे चरण में दो लाख 57 हजार 147 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है। इन लाभार्थियों को अगले महीने योजना के तहत राशि जारी की जाएगी। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पहले पारिवारिक आय की सीमा एक लाख रुपये रखी गई थी।
आय की पात्रता सीमा 80 हजार रुपये बढ़ाने से योजना में उन परिवारों की महिलाएं भी शामिल हो सकेंगी, जिनकी सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपये तक है। सरकार के मुताबिक फिलहाल 10 लाख से अधिक महिलाएं योजना का लाभ ले रही हैं। बदलावों का उद्देश्य अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ना और भुगतान व्यवस्था को एकरूप बनाना है।
दूसरे महीने से 1100 रुपये सीधे बचत खाते में आएंगे, जबकि बाकी 1000 रुपये योजना के प्रविधानों के अनुसार सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (आरडी) या सावधि जमा (एफडी) खाते में जमा किए जाएंगे। यानी हर महीने मिलने वाली 2100 रुपये की सहायता में से 1,000 रुपये सीधे खर्च के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, बल्कि जमा खाते में जाएंगे।
