खाड़ी देश (गल्फ कंट्री) में बदलते हालातों के बीच इंडिगो ने गुरुवार को सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने का फैसला आगे बढ़ा दिया है. इससे पहले मंगलवार को, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, एयर इंडिया और अकासा एयर ने सऊदी अरब के शहरों को जोड़ने वाली अपनी उड़ानों को 17 अक्टूबर तक रद्द करने का ऐलान किया था.
दूसरी तरफ, अकासा एयर (Akasa Air) ने अलग से जानकारी देते हुए कहा कि मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में सुरक्षा के मौजूदा हालातों को देखते हुए, उसने रियाद के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानों को 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए उड़ानों को 21 अक्टूबर तक सस्पेंड (रद्द) रखने का फैसला किया है.
इंडिगो ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “सऊदी अरब में बदलते हालातों की सावधानीपूर्वक समीक्षा करने के बाद, रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी.” कंपनी ने आगे बताया कि बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के जरिए प्रभावित यात्रियों को समय पर इसकी सूचना भेजी जा रही है.
