मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करेगी। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, उच्च शिक्षा के अवसर, मेडिकल कालेजों का विस्तार और जरूरतमंदों के लिए उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए पीएम-श्री की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं। 900 सरकारी स्कूलों में आइसीटी. लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक सीखने के अवसर मिलेंगे।
प्रदेश में वर्ष 2014 तक केवल छह मेडिकल कालेज थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 18 हो गई हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये सालाना तक निश्शुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।
