अतिथि घर आए तो उसके सत्कार में देसी घी, बूरा और चूरमा परोसना हरियाणा की परंपरा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को गुरुकुल में हरियाणवी संस्कृति की मिठास के साथ भोजन परोसा गया। राष्ट्रपति के लिए तैयार भोजन में देसी स्वाद और प्राकृतिक खेती की खुशबू का खास संगम रहा।
थाली में जो भी परोसा गया वह गुरुकुल के खेतों से उत्पादित प्राकृतिक खेती का अन्न और सब्जियों से तैयार किया गया। भरवां करेला, तोरई, मूंग की दाल, मल्टीग्रेन आटे की रोटी, चावल और रायता परोसा गया। इसके साथ हरियाणा के पारंपरिक व्यंजनों में शामिल सरसों का साग और मक्की की रोटी भी हिस्सा रहीं।
प्राकृतिक खेती से उर्वरा क्षमता बढ़ाने का भी किया आह्वान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुकुल में कहा कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और वह एक साथ राज्यपाल थे। आज भी देश के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश की संस्कृति अपनाने के कारण हमारी धरती बंजर हो रही है।
