यमुनानगर की शिव कॉलोनी में बाबा के वेश में आए एक व्यक्ति पर महिला को कथित तौर पर सम्मोहित कर घर का कीमती सामान ठगने का आरोप लगा है. आरोप है कि करीब 15 मिनट तक महिला को बातों में उलझाने के बाद आरोपी सामान लेकर भागने लगा, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
घर के बाहर घूमते हुए महिला पर रखी नजर: CCTV फुटेज में आरोपी कई घरों के आसपास घूमता दिखाई देता है. इसी दौरान उसकी नजर घर में अकेली बैठी महिला पर पड़ती है. आरोप है कि वह महिला को अपनी बातों में उलझाकर उससे घर का कीमती सामान अपनी झोली में डलवाने लगा.
राहगीरों के सामने करता रहा सामान्य होने का नाटक: इस बारे में महिला के पति बंटी ने कहा कि,”आरोपी करीब 15 मिनट तक महिला के पास रहा. जब भी कोई राहगीर या पड़ोसी वहां से गुजरता, वह सामान्य व्यवहार करने लगता. रास्ता खाली होते ही दोबारा मेरी पत्नी के पास पहुंच जाता. जब तक उसे कुछ समझ आता, तब तक वह काफी सामान सौंप चुकी थी.”
परिजनों को देख भागने लगा आरोपी: वहीं, जब महिला के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी सामान समेटकर निकलने की कोशिश करने लगा. वह आशीर्वाद देने का नाटक भी करने लगा, लेकिन उसकी हरकतों पर परिजनों को शक हो गया. उन्होंने पीछा कर उसे दबोच लिया.
