त्योहारी सीजन के दौरान आनलाइन शापिंग में होने वाली बढ़ोतरी के मद्देनजर साइबर ठगों की सक्रियता बढ़ गई है। इसे लेकर पुलिस अधीक्ष दीप्ति गर्ग ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से पूरी तरह सजग और सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि त्योहारी सीजन में भारी छूट और फर्जी आफर्स के लालच में न आएं, अज्ञात लिंक, संदिग्ध ऐप और यूपीआई पिन या ओटीपी किसी के साथ साझा करने से बचें।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया कि त्योहारी सीजन में जालसाज इंटरनेट मीडिया के माध्यम से नामी ई-कामर्स कंपनियों के मिलते-जुलते फर्जी वेब लिंक तैयार कर मुनाफे का झांसा देते हैं। उपभोक्ता जैसे ही ऐसे लुभावने लिंक पर क्लिक करते हैं या कोई अनधिकृत ऐप डाउनलोड करते हैं, साइबर ठग उनके बैंक खातों से गाढ़ी कमाई चुरा लेते हैं।
एसपी दीप्ति गर्ग ने किया स्पष्ट
एसपी दीप्ति गर्ग ने स्पष्ट किया कि सजगता ही साइबर सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार है, इसलिए बिना सोचे-समझे किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और पूरी तरह सुरक्षित तरीके से त्योहारों का आनंद लें।
