
हरियाणा की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, मनु भाकर के मामा और नानी की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। स्कूटी पर सवार मनु भाकर के मामा और नानी को एक कार ने टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौत हो गई। हादसा चरखी दादरी के महेंद्रगढ़ बाईपास रोड पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनु भाकर के मामा स्कूटी से ड्यूटी जा रहे थे। स्कूटर पर उनकी मां भी उनके साथ थीं। उन्हें अपनी माँ को अपने दूसरे भाई के पास छोड़ना था। जब वे घर से 150 मीटर दूर पहुंचे तो एक ब्रेजा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद कार पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनु भाकर के मामा और नानी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। नगर थाना प्रभारी समेत पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सावित्री (नानी ) और 50 वर्षीय युद्धवीर (मामा) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से कलाली गांव के रहने वाले हैं। इस समय वह चरखी दादरी शहर में रह रहा था। युद्धवीर हरियाणा रोडवेज में ड्राइवर था। इस समय उसकी ड्यूटी दादरी बस स्टैंड पर थी।
युद्धवीर के चाचा आनंद ने बताया कि युद्धवीर सुबह ड्यूटी पर जा रहा था। उसकी माँ को अपने छोटे बेटे से मिलने जाना था। इसी बीच मां ने युद्धवीर से कहा कि वह उसे उसके छोटे बेटे के पास छोड़ दे। हादसा घर से 150 मीटर की दूरी पर हुआ ।उन्होंने बताया कि गाड़ी गलत साइड से तेज गति से आई थी। पुलिस को मामले की ठीक से जांच करनी चाहिए।