
अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक युवक ने तोड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने संविधान को भी आग लगाने की कोशिश की। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी आकाश सिंह मोगा के धर्मकोट का है। आकाश सिंह का परिवार धर्मकोट की चुगा बस्ती में किराए पर रहता है।
मामले की जानकारी मिलने पर आकाश की माँ आशा रानी ने कहा कि बेटे का उनसे कोई रिश्ता नहीं है। आकाश सिंह तीन भाई और एक बहन है। बारहवीं तक पढ़ाई के बाद आकाश सिंह काम की तलाश में दुबई चला गया था। आकाश सिंह की बहन मस्कट में रहती है। मोगा में उसके माता पिता और दो छोटे भाई हैं। माता पिता मजदूरी करते हैं। आकाश का एक भाई पढ़ाई कर रहा है और दूसरा मजदूरी करता है।
आशा रानी ने बताया कि आकाश तीन साल पहले दुबई गया था। दुबई जाने के बाद उस ने घर के साथ कोई संपर्क नहीं रखा। वहां दो साल तक मजदूरी करने के बाद वह चार महीने पहले पंजाब आया है। वापिस आने के बाद वह घर नहीं आया और अमृतसर में ही किराए के मकान में रहने लगा। माँ के मुताबिक उनके बेटे से अब उनका कोई भी रिश्ता नहीं है। उसने कभी उनसे बात नहीं की। मां ने कहा कि पहले उसने केश भी नहीं रखे थे। आकाश की मां ने साफ कहा कि उसने जो किया, उसे उसकी सजा मिलनी चाहिए।