
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब कैबिनेट की साल 2025 की पहली बैठक हुई। यह बैठक चंडीगढ़ के सिविल सचिवालय में आयोजित की गई थी, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए हैं। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट में लिए गए फैसलों की विस्तार से जानकारी दी।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब में कुल 3 हजार भर्तियों को मंजूरी दी गई है। इनमें 2 हजार पीटीआई शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में 822 पद स्वीकृत किये गये हैं। इसके अलावा पंजाब के अंदर एनआरआई के लिए 6 विशेष अदालतों को भी मंजूरी दी गई है।
हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है। सत्र की कार्यवाही 24 और 25 फरवरी को होगी। उन्होंने कहा कि लंबित बिलों को भी पास किया जायेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छठे वेतन आयोग का बकाया, लीव एनकैशमेंट और पेंशन का एरियर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।