हिसार। हरियाणा के हिसार की रहने वाली रिया ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रिया अब ब्राजील में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय स्कूली खेल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद रिया ने खेल के प्रति अपना जुनून बनाए रखा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता तय किया।
रिया हिसार के 12 क्वार्टर क्षेत्र की रहने वाली हैं। वह अंडर-18 वर्ग में 49 किलोग्राम भारवर्ग में प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता 3 से 7 दिसंबर तक ब्राजील के रोम शहर में आयोजित की जाएगी।
आर्थिक तंगी के बावजूद नहीं छोड़ी मेहनत
रिया के पिता राजेश कुमार फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद रिया ने ताइक्वांडो में अपनी तैयारी जारी रखी। उनकी मेहनत का नतीजा अब अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के रूप में सामने आया है।
हाल ही में रिया ने 15 से 17 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्कूली खेल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के ट्रायल में हिस्सा लिया था। वहां उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन हुआ।
चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। इसके बाद रिया अपने कोच सुरेश गिल के साथ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचीं। अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
SGFI उठाएगा 50 प्रतिशत खर्च
रिया की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने उनके अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के खर्च का 50 प्रतिशत हिस्सा उठाने की सहमति दी है। बाकी खर्च के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और अन्य संगठनों से मदद मिलने की उम्मीद है।
इसी बीच डीपीई कुलदीप नैन ने रिया को 1,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी है। अब रिया और उनके परिवार को आगे की तैयारियों और यात्रा के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिलने वाली सहायता का इंतजार है।
रिया की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि हिसार और पूरे हरियाणा के लिए गौरव का विषय है। अब उनकी नजर ब्राजील में होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने पर है।
