हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पुलिसकर्मियों के कल्याण को लेकर दायित्व संभालते समय जिन प्रमुख योजनाओं का वादा किया था, उनमें बेटियों की शादी के लिए शगुन, उच्च शिक्षा के लिए हास्टल ग्रांट और पुलिस लाइनों में बैंक्वेट हाल की सुविधा अब धरातल पर उतर चुकी है। इन योजनाओं का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
शगुन योजना के तहत पात्र पुलिसकर्मियों की बेटियों की शादी के लिए 2.50 लाख रुपये की सहायता देने का प्रविधान है। अब तक 74 बेटियों को इसका लाभ दिया जा चुका है और उन्हें 1.85 करोड़ रुपये की राशि वितरित कर दी गई है।
शादी-सगाई कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा इस्तेमाल
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के अनुसार, पुलिसकर्मियों के पारिवारिक समारोहों के लिए प्रदेश की विभिन्न पुलिस लाइनों में 15, हरियाणा पुलिस अकादमी में एक और कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में एक सहित कुल 17 बैंक्वेट हाल तैयार किए गए हैं। इन्हें एक अक्टूबर से आरंभ कर दिया जाएगा। इनका इस्तेमाल शादी, सगाई और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आवास और आधारभूत ढांचे के विस्तार की भी योजना बनाई गई है। वर्तमान में करीब 15 हजार पुलिस आवास हैं, जिन्हें वर्ष 2030 तक बढ़ाकर लगभग 20 हजार करने का लक्ष्य है। इसके अलावा नए पुलिस स्टेशन, पुलिस लाइंस और आधुनिक सुविधाओं के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है।
