जींद के अलेवा गांव के 20 वर्षीय निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए दो रजत पदक जीते हैं. जापान के आइची-नागोया में चल रही प्रतियोगिता में हिमांशु ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर अपने नाम किया.
मुख्यमंत्री ने दी बधाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिमांशु ढिल्लों को दो रजत पदक जीतने पर बधाई दी. उन्होंने उनकी उपलब्धि को देश और हरियाणा के लिए गर्व का विषय बताया.
टीम स्पर्धा में भारत को मिला सिल्वर: हिमांशु ने रुद्रांक्ष पाटिल और पार्थ माने के साथ मिलकर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया. भारतीय टीम ने 1890.1 अंक हासिल किए, जबकि चीन 1899 अंक के साथ पहले स्थान पर रहा.
व्यक्तिगत मुकाबले में भी रजत: टीम स्पर्धा के बाद हिमांशु ने व्यक्तिगत मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में उन्होंने 252.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया. चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक हासिल किया. इस तरह पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत ने दो पदक जीते.
