हरियाणा में अगले छह दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 7 से 12 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहने की संभावना है. मौसम में बदलाव के साथ दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी और सुबह-शाम गुलाबी ठंडक बढ़ सकती है.
7 अक्टूबर की रात से बदलेगा मौसम: पहला पश्चिमी विक्षोभ 7 अक्टूबर की रात से सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से 9 अक्टूबर तक खासकर उत्तरी हरियाणा के जिलों में मौसम प्रभावित रहेगा. अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है. प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं.
10 से 12 अक्टूबर तक दूसरा सिस्टम: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 9 अक्टूबर को सक्रिय होगा. इसके प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर तक हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
