हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में हाई पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) तथा हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के खरीद एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई. इन निर्णयों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जनसेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
बिजली, जलापूर्ति, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को मंजूरी: बैठक में परिवहन, बिजली, शिक्षा, पर्यावरण, सहकारिता, शहरी विकास, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, लोक निर्माण तथा सिंचाई एवं जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई. इनमें बिजली वितरण व्यवस्था के आधुनिकीकरण, स्मार्ट ग्रिड परियोजनाओं, जलापूर्ति एवं सीवरेज सुविधाओं, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, सड़कों के सुधार, शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण तथा भंडारण क्षमता बढ़ाने से संबंधित कार्य शामिल हैं.
