हरियाणा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित पानीपत दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. राष्ट्रपति 1 नवंबर को थिराना स्थित ब्रह्माकुमारीज के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
26 अक्टूबर तक पूरी होंगी सभी तैयारियां: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने सभी विभागों को 26 अक्टूबर तक अपने-अपने कार्य पूरे करने के निर्देश दिए. राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए हेलीपैड तैयार करवाए जा रहे हैं. इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. एंबुलेंस और दमकल विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि, “राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी कर रहा है. सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.”
