हरियाणा के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. चंडीगढ़ और हरिद्वार के बीच 23 अक्टूबर 2026 से एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन एवं एयर कंडीशनिंग) बस सेवा शुरू होगी. इस सेवा से चंडीगढ़, अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर, रुड़की और हरिद्वार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी. हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि, “प्रदेश सरकार यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है.”
समय-सारिणी से यात्रा की योजना बनाना होगा आसान: परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस के प्रस्थान और गंतव्य तक पहुंचने का समय निर्धारित किया है. इससे यात्रियों को अपने सफर की योजना बनाने में आसानी होगी. बस सेवा से अलग-अलग शहरों के बीच आवागमन करने वाले लोगों को एक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा.
चंडीगढ़ से सुबह 9:08 बजे रवाना होगी बस: निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चंडीगढ़ से हरिद्वार जाने वाली एचवीएसी बस सुबह 9:08 बजे रवाना होगी. इसके बाद बस सुबह 10:40 बजे अंबाला, दोपहर 12 बजे यमुनानगर, दोपहर 12:50 बजे सहारनपुर और दोपहर 1:55 बजे रुड़की से रवाना होगी. बस के हरिद्वार पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 2:40 बजे है. इस रूट से जाने वाले यात्रियों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी यात्रा की तैयारी करने में सुविधा होगी.
हरिद्वार से दोपहर 3:50 बजे शुरू होगी वापसी यात्रा: वहीं, वापसी में हरिद्वार से चंडीगढ़ जाने वाली बस दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी. इसके बाद बस शाम 4:40 बजे रुड़की, 5:50 बजे सहारनपुर, 6:40 बजे यमुनानगर और 7:50 बजे अंबाला कैंट से रवाना होगी. बस के चंडीगढ़ बस स्टैंड पहुंचने का निर्धारित समय रात 9 बजे है. यात्रियों को वापसी की यात्रा के लिए भी इन समयों का ध्यान रखना होगा.
