मानसून में सड़कों पर जलभराव, घरों के बेसमेंट में पानी घुसने और जमीन धंसने जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए पंचकूला में सीवरेज नेटवर्क को आधुनिक बनाने की योजना तैयार की गई है।
नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संयुक्त पहल के तहत करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाॅटर ड्रेनेज एवं सीवर नेटवर्क को अपग्रेड करने का प्रस्ताव है। इसके तहत शहर में करीब 207 किलोमीटर लंबे नेटवर्क को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया जाएगा, ताकि आने वाले दशकों में सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
आरसीसी लाइनिंग से मजबूत होंगी सड़कें
परियोजना के तहत सेक्टर-6, 7, 8, 10 और 12 सहित विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों के नीचे आरसीसी लाइनिंग की जाएगी। इससे पुरानी नालियों और सीवर नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा मिट्टी के कटाव और सड़क धंसने की आशंका कम होगी। योजना का उद्देश्य बार-बार खुदाई और मरम्मत पर होने वाले खर्च को कम करना भी है।
