चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1 नवंबर को चंडीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस यानी रेजिंग डे समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में किया जाएगा, जहां अमित शाह भव्य परेड की सलामी लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह 1 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे और सुबह 11:45 बजे यहां से रवाना हो जाएंगे। इस दौरान वह लगभग पांच घंटे चंडीगढ़ में रहेंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
समारोह के लिए की जा रही हैं खास तैयारियां
गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल पर मंच तैयार करने से लेकर साफ-सफाई, बिजली और बैठने की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा, समारोह में आने वाले लोगों के प्रवेश और बाहर निकलने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंच और फूलों की सजावट पर करीब 14.60 लाख रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस
अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग को लेकर लगातार तालमेल बनाया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा से लेकर आयोजन की व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
