भिवानी: हरियाणा में अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड वर्ष 2026 की HTET परीक्षा दिसंबर में आयोजित करवाने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए बोर्ड की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है. अगले एक सप्ताह में परीक्षा की तारीखों पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है.
दिसंबर के अंत तक परीक्षा करवाने की तैयारी: इस बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि, “HTET का आयोजन दिसंबर माह में करवाया जाएगा. दिसंबर के अंत तक HTET परीक्षा आयोजित करवाना संभावित है. इस संबंध में सरकार के साथ बातचीत चल रही है. अगले एक सप्ताह के भीतर परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी. बोर्ड की ओर से परीक्षा आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं.”
मार्च-अप्रैल में ही होंगी बोर्ड परीक्षाएं: चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि आगामी शैक्षणिक सत्र में 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय के अनुसार मार्च-अप्रैल 2027 में ही आयोजित की जाएंगी.
26 नवंबर तक बिना लेट फीस कर सकेंगे आवेदन: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि, “बोर्ड ने फरवरी-मार्च 2027 की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी नियमित परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. स्कूल मुखिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है, जबकि विलंब शुल्क के साथ 8 दिसंबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा.”
आवेदन में गलती की तो स्कूल मुखिया होंगे जिम्मेदार: बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों के नाम, फोटो और अन्य विवरण स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार सही भरे जाएं. किसी भी गलती के लिए स्कूल मुखिया जिम्मेदार होंगे. परीक्षा शुरू होने के बाद फोटो और हस्ताक्षर में सुधार का मौका नहीं मिलेगा. आवेदन में यू-डायस कोड भरना भी अनिवार्य किया गया है.
