राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहेंगी. राष्ट्रपति बनने के बाद उनका हरियाणा में ये 6ठा दौरा है. वो शनिवार देर शाम ही अंबाला पहुंच गईं थी. जहां सीएम नायब सैनी और राज्यपाल असीम घोष ने उनका स्वागत किया.
सीएम नायब सैनी ने किया स्वागत: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राष्ट्रपति का हरियाणा आने पर स्वागत किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा “हरि की पावन धरा हरियाणा में पधारने पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! हरियाणा दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र में आयोजित होने जा रहे प्रदेश के 60वें स्थापना दिवस समारोह में आपकी गरिमामयी उपस्थिति समस्त हरियाणावासियों के लिए गौरव और हर्ष का विषय है।”
राष्ट्रपति के कार्यक्रम: राष्ट्रपति का कार्यक्रम सुबह 9:25 बजे शक्तिपीठ देवी कूप भद्रकाली मंदिर से शुरू होगा. यहां पूजा-अर्चना करने के बाद वो कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी पहुंचेंगी, जहां हरियाणा की 60 साल की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी देखेंगी. इसके बाद राष्ट्रपति गुरुकुल कुरुक्षेत्र में महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी.
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी: 3 घंटे 25 मिनट के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कुरुक्षेत्र को 1 नवंबर के लिए ड्रोन नो-फ्लाइंग और रेड जोन घोषित किया गया है, जिसकी निगरानी के लिए 9 IPS, 30 DSP की अगुवाई में पुलिस की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं.
