नवंबर की शुरुआत के साथ सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ रहा है। दोपहर में भी मीठी ठंड है। इस बीच प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता चिंता बढ़ा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दो नवंबर की शाम चार बजे तक वायु गुणवत्ता आंकड़ों के अनुसार, कैथल 310 के सूचकांक के साथ प्रदेश में सबसे प्रदूषित शहर रहा।
अंबाला का एक्यूआइ 285 और गुरुग्राम का 246 दर्ज किया गया। कुरुक्षेत्र, पंचगांव, मानेसर और यमुनानगर में भी हवा खराब श्रेणी में रही। हिसार का सूचकांक 184, रोहतक का 174 और सोनीपत का 161 दर्ज किया गया।
वहीं, पानीपत में एक्यूआइ 84 और करनाल में 47 रहा। बहादुरगढ़ और जींद में भी हवा प्रदूषित हैं। इसके अलावा प्रदेश में कैथल समेत सात शहर ऐसे हैं जहां हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है। इनमें अंबाला, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, पंचगांव, मानेसर और यमुनानगर शामिल हैं।
