पहाड़ों से मैदानों की ओर चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हरियाणा में सुबह और शाम की ठंड बढ़ने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है. नारनौल 14°C के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि दिन में हिसार सबसे गर्म रहा.
न्यूनतम तापमान में गिरावट: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हुई है. हिसार में अधिकतम तापमान 32.1°C दर्ज किया गया, जबकि रोहतक 26.9°C के साथ सबसे ठंडा रहा. रोहतक में दिन के तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. दिन में खिली धूप के कारण कई क्षेत्रों में गर्मी का अहसास बना हुआ है, लेकिन सुबह-शाम मौसम ठंडा हो रहा है.
बारिश के बाद खुले स्थानों पर धुंध के आसार: हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि, “पिछले दिनों हुई बारिश के कारण प्रदेश के खेतों में नमी बनी हुई है. अलसुबह खुले स्थानों पर हल्की धुंध दिखाई दे सकती है. नमी के कारण सुबह और शाम हल्की ठंड रहेगी, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.”
