हरियाणा में इस बार बासमती धान की खेती करने वाले किसानों के लिए खरीफ सीजन खुशियों की सौगात लेकर आया है. कई वर्षों बाद मंडियों में बासमती धान के भाव में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. प्रीमियम 1121 किस्म के दाम ₹5600 प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जबकि 1718 किस्म भी करीब ₹4870 प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही है. अच्छे उत्पादन और शानदार कीमतों ने किसानों की आमदनी बढ़ा दी है. व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली के बाद बासमती के भाव ₹6000 प्रति क्विंटल का आंकड़ा भी पार कर सकते हैं.
19 लाख एकड़ में बासमती की खेती: कृषि विभाग और मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार इस खरीफ सीजन हरियाणा में बासमती धान का सत्यापित रकबा करीब 19 लाख एकड़ यानी लगभग 7.7 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है. यह आंकड़ा प्रदेश में बासमती और सुगंधित धान की खेती के बढ़ते रुझान को दर्शाता है. करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर बासमती की खेती की जाती है. किसान अब पारंपरिक गैर-बासमती किस्मों के बजाय ऐसी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं, जिनसे बेहतर बाजार भाव और अधिक मुनाफा मिलने की संभावना रहती है.
