वन्य जीवों की तस्करी और अवैध रूप से उनके अंगों को रखने वालों के खिलाफ हांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सीआईए-1 हांसी और वन्य जीव विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पेटवाड़ निवासी एक युवक को संरक्षित वन्य जीव तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सोनू कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव पेटवाड़ के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद की है.
हांसी में वन्य जीव तस्करी मामला: मामले की जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी रविंदर सांगवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पेटवाड़ निवासी सोनू कुमार अपने पास तेंदुए की खाल रखे हुए है और उसे छिपाने के लिए पेटवाड़ से थूराना जाने वाली सड़क के पास खेतों की तरफ जाने वाला है. सूचना मिलते ही सीआईए-1 और वन्य जीव विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर दी.
