हरियाणा के पानीपत साइबर पुलिस ने AePS (आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली) के जरिए बैंक खातों से पैसे निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट और फिंगरप्रिंट से जुड़ा डेटा हासिल कर फर्जी बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट आईडी के माध्यम से बैंक खातों से रकम निकालते थे.
OTP और लिंक के बिना खाते से निकले थे 2 हजार: एएसपी हर्षित गोयल ने बताया कि “पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति के बैंक खाते से AePS ट्रांजैक्शन के माध्यम से 2 हजार रुपये निकाल लिए गए, जबकि पीड़ित ने न तो किसी को OTP बताया था और न ही उसे कोई संदिग्ध लिंक प्राप्त हुआ था. जांच के दौरान पुलिस ने ट्रांजैक्शन की कड़ी को खंगाला तो रकम पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के खाते में पहुंचने की जानकारी सामने आई. “
PayBingo ऐप से तैयार करता था मर्चेंट आईडीः जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि यह खाता साकिब नामक आरोपी ने खुलवाया था. पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि साकिब आसपास के लोगों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर उनके पैन कार्ड, आधार कार्ड और बैंक स्टेटमेंट हासिल करता था. इसके बाद PayBingo ऐप के माध्यम से उनकी मर्चेंट आईडी तैयार कर उन्हें फर्जी बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता था.
