भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बना गंभीर चक्रवाती तूफ़ान ‘मुरासु’ दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर की सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफ़ान नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के दक्षिण में तट पार करेगा.
इस दौरान हवा की रफ़्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज़ झोंकों के साथ यह 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
आईएमडी के मुताबिक़, तूफ़ान पिछले छह घंटों के दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है.
दो नवंबर को सुबह 11:30 बजे यह नेल्लोर से लगभग 120 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, कवाली से 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, चेन्नई से 170 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में और ओंगोल से 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था.
