भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए कई राज्यों के संगठन महामंत्रियों के दायित्वों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत हरियाणा भाजपा के महामंत्री (संगठन) फणीन्द्रनाथ शर्मा को अब उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर पवन राणा को हरियाणा का महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। राणा के पास दिल्ली प्रदेश के महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी भी रहेगी।
पवन राणा इससे पहले हिमाचल प्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अप्रैल 2023 में उन्हें हिमाचल से दिल्ली भेजकर दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री का दायित्व दिया गया था। संगठन महामंत्री का पद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रशिक्षण को लेकर जानकारी दी थी
दिल्ली में रहते हुए पवन राणा संगठनात्मक बैठकों और बूथ स्तर के विस्तार से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रहे। उन्होंने ई-विस्तारक योजना के तहत दिल्ली के शक्ति केंद्रों और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को लेकर पदाधिकारियों को जानकारी दी थी।
