हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) के मुख्यालय, पंचकूला में मंगलवार को चेयरमैन वेदपाल ने “मंडी सैनिटेशन मोबाइल ऐप” का शुभारंभ किया. बताया गया कि इस मोबाइल ऐप को मंडियों में स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विकसित किया गया है.
रिपोर्टिंग-निगरानी और ट्रैकिंग: यह ऐप मंडी अधिकारियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों को मंडियों में स्वच्छता संबंधी समस्याओं की फोटोग्राफ समेत रिपोर्टिंग करने और उनके रीयल-टाइम समाधान, निगरानी एवं ट्रैकिंग की सुविधा प्रदान करेगा. इसके माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा.
पंचकूला समेत पांच पांच मंडियों में लागू: पहले चरण में इस मोबाइल ऐप को नारायणगढ़, करनाल, लाडवा, पंचकूला और यमुनानगर की पांच मार्केट कमेटियों में पायलट परियोजना के रूप में लागू किया गया है. बताया गया कि पायलट चरण के सफल परिणामों के बाद इसे राज्य की अन्य मंडियों में भी चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा. इस अवसर पर मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह, मुख्य विपणन प्रवर्तन अधिकारी संजीव सिंह चौहान, जीटी भारत की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के टीम लीडर, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की आईटी टीम और बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
तकनीक से समस्याओं का जल्द समाधान: चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि यह मोबाइल ऐप मंडियों में स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए शिकायतों के त्वरित समाधान एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप का अधिकतम उपयोग करते हुए मंडियों में स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए.
