एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे जिले के होनहार खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया है. भारतीय हॉकी टीमों में सोनीपत के 7 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है. महिला हॉकी टीम में 4 और पुरुष हॉकी टीम में 3 खिलाड़ी इस विजयी अभियान का हिस्सा रहे.
मिशन चौक से निकला विशाल जुलूसः सोनीपत की रहने वाली नेहा गोयल, शिल्पी, साक्षी राणा और ज्योति महिला हॉकी टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं हैं. वहीं पुरुष वर्ग में फाइनल मुकाबले तक का सफर तय करने वाली टीम में सोनीपत के यशदीप सिवाच, अभिषेक नैन और सुमित कुमार शामिल थे. इन सभी विजेता खिलाड़ियों के सोनीपत पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया. सोनीपत के मिशन चौक से लेकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित हॉकी ग्राउंड तक एक भव्य विजय जुलूस निकाला गया. स्वागत समारोह में खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “कड़ी मेहनत हमेशा रंग लाती है और पदक जीतने के बाद खिलाड़ी अपने सारे पुराने संघर्ष भूल जाते हैं.”
स्वर्ण पदक के साथ ओलंपिक का टिकट हुआ पक्काः एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही टीम ने ओलंपिक का टिकट भी पक्का कर लिया है और अब खिलाड़ी आगामी ओलंपिक खेलों की तैयारी में जुट गए हैं. खिलाड़ियों का कहना है कि “मुकाबलों के दौरान हुई कुछ गलतियों से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है. वे इन्हीं गलतियों से सीख लेकर और बेहतर प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक की तैयारी करेंगे. खिलाड़ियों ने युवाओं को संदेश दिया कि कभी भी दिमाग में नकारात्मक सोच न लाएं और पूरे दिल से मेहनत करें तो उसका बहुत अच्छा परिणाम मिलता है.
कोच ने भी जताई खुशी: खिलाड़ियों की कोच प्रीतम सिवाच ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “वे बेटियों पर बहुत ज्यादा मेहनत कर रही थीं. आज बेटे और बेटियों दोनों के गले में मेडल देखकर उनकी वर्षों की मेहनत सफल हो गई है.” प्रीतम सुभाष ने कहा कि संघर्ष जितना ज्यादा होता है मेहनत का फल उतना ही मीठा होता है. आज एशियाई गेम में गोल्ड मेडल जीते हैं तो आने वाले ओलंपिक में भी तैयारी इस तरह की होगी कि मेडल भारत की झोली में जरूर होगा.
