मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला के विकास कार्यो को लेकर समीक्षा बैठक की. इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की मौजूदा आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जाए. उन्होंने पंचकूला में बेहतर नागरिक सुविधाओं, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे, सुगम यातायात व्यवस्था, पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, बेहतर पार्कों, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं और स्मार्ट सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर विशेष बल दिया.
विभाग जमीन अतिक्रमण मुक्त करवाएं”: मुख्यमंत्री ने कहा कि “शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, पीएमडीए, एचएसआईडीसी सहित सभी विभाग अपनी भूमि की पहचान कर उसे अतिक्रमण से मुक्त करवाएं. साथ ही अधिकारी यह भी सुनिनिश्चित करें कि उस भूमि पर दोबारा अतिक्रमण ना हो. सेक्टर 7, 11 व 17 की रेहड़ी मार्केट में पालिका बाजार चंडीगढ़ की तर्ज पर मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए.” सीएम ने पंचकूला के माजरी चौक पर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए उसे रीडिजाइन कर अंडरपास बनाने का प्रपोजल बनाने को भी कहा.
पेयजल के लिए 100 एमएलडी बढ़ोतरी: मुख्यमंत्री ने कहा कि “खडक मंगोली के लोगों को 7500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी. पंचकूला के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल सुलभ करवाने के लिए भाखड़ा से आने वाले पानी की क्षमता में 100 एमएलडी बढ़ोतरी करने पर कार्य किया जाए. साथ ही कालका में भी पेयजल समस्या के स्थाई समाधान करने पर काम किया जाए. मोरनी क्षेत्र में बरसाती पानी को एकत्र करने के लिए डैम बनाया जाए, ताकि जलसंचय हो और कोशल्या डैम की क्षमता बढ़ाने का कार्य जारी रहे.”
कालका में मल्टीस्टोरी लाईब्रेरी बनेगी: मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका में मल्टीस्टोरी लाईब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी. कालका में गौशाला के पास 5 टयूबवैल लगाए जा रहे हैं, जिनमें से दो लगाए जा चुके हैं और शेष लगाने पर कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के लिए दो गौशालाओं की पहचान कर उनमें पशुओं को भेजने का कार्य किया जा रहा है. इसके अलावा पशुओं को छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जाएगी.
