चंडीगढ़ स्थित कलाग्राम में 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक वार्षिक क्राफ्ट मेला आयोजित किया जाएगा. नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर (NZCC) और चंडीगढ़ प्रशासन के सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह दस दिवसीय उत्सव देशभर की हस्तशिल्प कला, लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और संगीत का संगम बनेगा. मेले में रोज शाम को स्टार नाइट्स के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले लोकनृत्य कलाकार रोजाना दर्शकों को देश की सांस्कृतिक विविधता से रू-ब-रू कराएंगे.
पद्मश्री समेत शिल्पकार व लोक कलाकार: मेले में देशभर के पद्मश्री सम्मानित और अन्य पुरस्कार विजेता कलाकार, शिल्पकार व लोक कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. विशेष थीम पर आधारित प्रवेश द्वार और सजावट के साथ विभिन्न राज्यों के शिल्प, हस्तनिर्मित उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे. इससे आगंतुकों को एक ही परिसर में देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कला, संस्कृति और खानपान का अनुभव मिलेगा.
