टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखकर एक बच्ची ने भी निशानेबाज बनने का सपना देखा। चार साल तक लगातार अभ्यास और मेहनत के बाद अब 14 साल की आयुषी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
गांव रावलवास खुर्द निवासी आयुषी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 35वीं आल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर हिसार का नाम रोशन किया है।
उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के सब-यूथ विमेन व्यक्तिगत वर्ग में 375.8 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता आयोजित हुई।
इसमें देशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। आयुषी ने शानदार निशानेबाजी करते हुए चार सीरीज में क्रमश: 95, 94, 92 और 94 अंक हासिल किए। इस तरह कुल 375.8 अंक के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मनु भाकर को टीवी पर देखकर लिया था निशानेबाज बनने का फैसला
आयुषी ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखा था। मनु भाकर की निशानेबाजी से प्रभावित होकर उनके मन में भी इस खेल में आगे बढ़ने का विचार आया।
