सोनीपतः विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर सोनीपत पहुंची पहलवान काजल ढोचक का जोरदार स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की बारिश और स्वागत के लिए उमड़े लोगों के हुजूम ने इस पल को यादगार बना दिया. खास बात यह है कि काजल महिला कुश्ती विश्व चैंपियनशिप के हेवीवेट वर्ग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं.
ओलंपिक मेडल पर नजरः वहीं विश्व चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद अब काजल की निगाहें ओलंपिक पर हैं. उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक पोडियम पर खड़े होकर तिरंगा लहराना है. इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे काजल की मेहनत के साथ उनके चाचा कृष्ण पहलवान का ऐसा त्याग छिपा है, जिसने अपनी पहलवानी छोड़कर भतीजी के सपनों को अपना सपना बना लिया.
