पंचकूला शहर के लोगों को अब नगर निगम और एचएसवीपी में बंटी जन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए न तो कई-कई दिन इंतजार करना पड़ेगा और न ही अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने होंगे. दरअसल, बीते काफी समय से नागरिक सुविधाओं के लिए आवश्यक प्रक्रिया संबंधी कामकाज नगर निगम और एचएसवीपी के बीच बंटा था, जो प्रशासनिक गतिरोध अब समझौता होने से खत्म हो गया है.
नतीजतन, महत्वपूर्ण जन सुविधाओं संबंधी अधिकांश कामकाज को निपटाना अब निगर निगम की जिम्मेदारी होगी. इस संबंध में पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल से ईटीवी भारत ने खास बातचीत की.
वॉटर सप्लाई-सीवरेज और 9 सेक्टरों का ट्रांसफर: ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान मेयर शाम लाल बंसल ने कहा कि, “पंचकूला के विकास और नागरिक सुविधाओं पर पहले नगर निगम और एचएसवीपी, दोनों का नियंत्रण था. लेकिन समस्याएं होने पर लोग शिकायत लेकर नगर निगम पहुंचते थे, जबकि काम निपटाना एचएसवीपी के अधिकार क्षेत्र में होता था. हमने इस समस्या से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अवगत कराया, जिनके आदेश पर अब सभी महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं और सेक्टरों की जिम्मेदारी एचएसवीपी द्वारा समझौते के तहत नगर निगम को सुपुर्द कर दी गई हैं. इस कामकाज को लेकर निगम और एचएसवीपी के बीच औपचारिक समझौता किया गया है. इस समझौते पर एचएसवीपी की ओर से एडमिनिस्ट्रेटर मोनिका गुप्ता और नगर निगम कमिश्नर विनय कुमार ने हस्ताक्षर किए हैं.”
