माता लल्लेश्वरी की 705वीं जयंती एवं श्री राधाष्टमी के अवसर पर शनिवार को सेक्टर-58 स्थित बनी मंदिर गोशाला में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कश्मीरी समाज के लिए कई घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि माता लल्लेश्वरी की शिक्षाओं और कार्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए उनकी स्मृति में भवन निर्माण हेतु संस्था की ओर से आवेदन किए जाने पर नियमानुसार भूमि आवंटित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बहादुरगढ़ सेक्टर-दो में कश्मीरी पंडितों को आवंटित प्लाटों पर ईडीसी और इईडीसी के ब्याज की कुल 5.15 करोड़ रुपये की राशि वापस करने की भी घोषणा की। इसके अलावा बनी मंदिर गोशाला की अप्रोच रोड की री-कार्पेटिंग कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता लल्लेश्वरी की शिक्षाएं आत्मज्ञान, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं। संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसी उद्देश्य से संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के माध्यम से उनके विचार जन-जन तक पहुंचाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीरी समाज हरियाणा का अभिन्न हिस्सा है और उसकी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में है।
