पंचकूला: जिला पंचकूला प्रशासन द्वारा दीपावली त्यौहार के मद्देनजर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए अस्थाई स्थान और स्टॉल निर्धारित कर दिए गए हैं. इस बारे में जिला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि पंचकूला व कालका में स्टॉल पर ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए उप-मंडल स्तर पर अस्थाई लाइसेंस के लिए आवेदन मांगे गए हैं.
3 तक आवेदन और 4 नवंबर को ड्रॉ: उपायुक्त ने कहा कि, “पंचकूला में ग्रीन पटाखों के अस्थाई लाइसेंस के लिए आगामी 3 नवंबर तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र एसडीएम उप-मंडल अधिकारी (नागरिक) लघु सचिवालय सेक्टर-1 पंचकूला में और एसडीएम उप-मंडल अधिकारी कालका में आवेदन स्वीकार किये जाएंगे. आवेदन प्राप्ति के बाद 4 नवंबर को बाद दोपहर 2 बजे ड्रा निकाला जाएगा.”
ई-चालान-दस्तावेज और जगह: उपायुक्त ने आगे कहा कि, “आवेदक को आवेदन पत्र फार्म एई-5, रिहायशी प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, लाइसेंस ट्रेडर नंबर से ग्रीन पटाखे खरीद का प्रमाण पत्र और 500 रूपये का ई-चालान आवेदन के साथ लगाना होगा. पंचकूला शहर के लिए हैफेड भवन के पीछे पार्किंग में ग्रीन पटाखों के लिए स्टॉल निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा रामगढ़ के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में, बरवाला के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में, रायपुररानी के नेताजी स्टेडियम, पिंजौर के 28 सेक्टर सब्जी मंडी और अरुणा आसिफ अली राजकीय पीजी कॉलेज के ग्राउंड में ग्रीन पटाखों के लिए स्टॉल निर्धारित हैं.”
