हरियाणा में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को चंडीगढ़ में हाई पावर्ड परचेज कमेटी और हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक हुई. इसमें जनस्वास्थ्य विभाग के 13 कार्यों सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई. जनस्वास्थ्य विभाग के लगभग 419.34 करोड़ रुपये के 13 कार्यों को 399.85 करोड़ रुपये में पूरा करने की मंजूरी दी गई. इससे 19.49 करोड़ रुपये की बचत होगी.
स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता: इस दौरान सीएम ने कहा कि, “नागरिकों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जलघरों, बूस्टिंग स्टेशनों और पाइपलाइन नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है. जलघरों और बूस्टिंग स्टेशनों के टैंकों के तल को आरसीसी किया जा रहा है, ताकि पानी का रिसाव रोका जा सके. इससे पेयजल संरक्षण के साथ-साथ जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.”
बिना खुदाई के सुधारी जाएंगी सीवर लाइनें: सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. स्वीकृत कार्यों में सीआईपीपी तकनीक के माध्यम से सीवर लाइनों की सफाई और मरम्मत के कार्य भी शामिल हैं. इस तकनीक में पूरी पाइपलाइन की खुदाई किए बिना अंदर से ही लाइन को दुरुस्त किया जा सकता है. इससे सड़कों को बार-बार खोदने की जरूरत कम होगी और मरम्मत कार्य अपेक्षाकृत सुविधाजनक तरीके से किए जा सकेंगे.
रोहतक में सीवरेज सुधार पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये: वहीं, रोहतक शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कार्य मंजूर किए गए हैं. गांधी नगर से मुख्य झज्जर रोड तक बड़ी सीवर लाइन की स्पाइरल लाइनिंग और आरसीसी से संबंधित कार्य पर 15.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. अन्य खराब सीवर लाइनों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 17.25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इसके अलावा सिंहपुरा में सीवर लाइन को आरसीसी करने पर 16 करोड़ रुपये तथा सुखपुरा चौक क्षेत्र की सीवर लाइन दुरुस्त करने पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
शहजादपुर और जगाधरी में सीवरेज नेटवर्क होगा मजबूत: साथ ही अंबाला जिले के शहजादपुर में 48 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने, तीन एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने, पेयजल लाइन और अन्य संबंधित कार्य किए जाएंगे. वहीं, जगाधरी शहर में सीवरेज लाइन के पुनरुद्धार और नई लाइन बिछाने के लिए 24 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सीवरेज प्रबंधन को बेहतर बनाना है.
धनौरी, रतिया और हिसार में जल सुविधाओं का विस्तार: इसके अलावा धनौरी में नहर आधारित जलघर के लिए कैनाल निर्माण, दो एमएलडी क्षमता के एसटीपी और अन्य कार्यों पर 42.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. रतिया शहर के मुख्य जलघर के टैंक के तल को आरसीसी करने और अन्य कार्यों के लिए 31.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. हिसार शहर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी और इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन से जुड़े कार्यों पर 33.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
