हरियाणा में गुलाबी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंडक महसूस होने से मौसम का मिजाज बदल रहा है. IMD की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके बावजूद कई शहरों में रात का पारा 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है.
गुरुग्राम और यमुनानगर सबसे ठंडे: वहीं, रात के तापमान के मामले में गुरुग्राम और यमुनानगर 14.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे. करनाल में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 15.5 डिग्री और सोनीपत में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, दिन के समय गर्मी का असर बरकरार है. नूंह में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.
महेंद्रगढ़ और हिसार में भी दिन में गर्मी: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया और यह सामान्य बना रहा. महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और हिसार में 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं, सोनीपत में दिन का तापमान 28.8 डिग्री और पंचकूला में 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा. तापमान में इस अंतर के चलते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है.
20 से 23 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 से 23 अक्टूबर तक हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश में बारिश की कोई खास गतिविधि होने का अनुमान नहीं है. आसमान में बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेत हैं. दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है.
