हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की कार्यकारी शाखा और संबद्ध सेवाओं की भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 102 पदों में से 101 पदों पर अभ्यर्थी की नियुक्तियों के लिए सिफारिश की है, जबकि दिव्यांग श्रेणी में एचसीएस का एक पद सरकार से स्पष्टीकरण लंबित होने के कारण लंबित रखा गया है।
टॉपर अभिषेक सरोहा समेत आठ अभ्यर्थियों को अनारक्षित वर्ग में एचसीएस काडर मिला है। इसी तरह कुलदीप, इशा काला, क्रीमि, छवि, रजत फोगाट और मानवी को भी अनारक्षित वर्ग में एचसीएस काडर मिला है। आरक्षित वर्ग के राहुल सैनी, रेणु और जैनव खातून अनारक्षित वर्ग के एचसीएस काडर में जगह बनाने में सफल रहे।
इस वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न रिट याचिकाओं और संबंधित याचिका में दायर एलपीए के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। परिणाम तैयार करते समय पूरी सावधानी बरती गई है, लेकिन किसी अनजाने त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ऐसी स्थिति में आयोग को बाद में त्रुटि सुधारने का अधिकार सुरक्षित रहेगा। अभ्यर्थी अपना परिणाम और सेवा आवंटन हरियाणा लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hpsc.gov.in पर देख सकते हैं।
टॉपर रहे अभिषेक सरोहा
पंचकूला स्थित एचपीएससी के मुख्यालय में तीन से आठ अक्टूबर तक इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट आयोजित किए गए थे। आठ अक्टूबर को साक्षात्कार का दौर खत्म होते ही एचसीएस और संबद्ध सेवाओं के विस्तृत अंक जारी कर दिए गए। कुल 675 अंकों में से 394.50 अंक लेकर अभिषेक सरोहा प्रथम, कुलदीप 392.90 के साथ दूसरे और इशा काला 388.60 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
कुल 102 पदों के लिए चल रही भर्ती के तहत 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम चार मई को जारी किया गया। इसके बाद कैटेगरी वाइज रिजल्ट 20 मई और रिवाइज्ड रिजल्ट एक जून को जारी हुआ। मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून के बीच आयोजित की गई, जिसका परिणाम 17 सितंबर को घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था।
93 हजार अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
भर्ती के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से करीब 52 हजार अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 1200 से ज्यादा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया। मुख्य परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था
