जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को अब निजी सेंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल परिसर में एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) सेंटर स्थापित किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर काम तेज हो गया है। इसके लिए सीटी स्कैन सेंटर के सामने स्थित कमरों को चिह्नित कर उनकी मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत तैयार होने वाले इस सेंटर के शुरू होने से न केवल शहरवासियों को अस्पताल में ही अत्याधुनिक जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निजी लैबों की कम रेट पर एमआरआई की सुविधा मिलेगी।
रोजाना 2000 से अधिक मरीज आते हैं नागरिक अस्पताल
वर्तमान में जिले के केवल राजकीय मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां में ही पीपीपी मॉडल पर एमआरआई की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक अस्पताल में हर दिन 2000 से अधिक की ओपीडी रहती है, जहां सिर, रीढ़ की हड्डी, जोड़ों और गंभीर चोटों से पीड़ित मरीज पहुंचते हैं।
