,जिले के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का अवसर दिलाने के लिए मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) की पहल रंग ला रही है. नीति आयोग ने ‘भारतीय सेना में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने’ संबंधी परियोजना के लिए 25.90 लाख रुपये मंजूर किए हैं. इसके तहत युवाओं को शैक्षणिक, शारीरिक और चिकित्सीय तैयारी का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है.दो बैच में 215 युवाओं ने कराया नामांकन: उपायुक्त एवं सीईओ, एमडीए अखिल पिलानी ने बताया कि, “युवाओं को सेना भर्ती के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के उद्देश्य से परियोजना के तहत उन्हें समग्र प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है. प्रशिक्षण की जिम्मेदारी गुरुग्राम की ओलिव हेरिटेज फाउंडेशन को दी गई है. छह माह की अवधि वाले प्रशिक्षण के दो बैचों में कुल 215 युवाओं ने नामांकन कराया. पहले बैच में 94 में से 49 और दूसरे में 121 में से 70 युवाओं ने प्रशिक्षण लिया.”
49 अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में पहुंचे: प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पहले बैच के 49 अभ्यर्थी सेना भर्ती परीक्षा में शामिल हुए. इनमें से 27 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी सफलता हासिल की. प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया.
